बहादुरगढ़। विधायक राजेश जून ने रविवार को लोहारहेड़ी गांव से बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के दौरे की विधिवत शुरुआत की। विधायक ने कहा कि लोहारहेड़ी से शुरू किया गया यह दौरा बहादुरगढ़ विधानसभा के गांवों व शहरी क्षेत्र में निरंतर चलेगा।
विधायक ने बताया कि दौरे के दौरान लोगों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में भाजपा सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल में बहादुरगढ़ विधानसभा के गांव व शहरी क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
विधायक ने बताया कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र दौरे के दौरान किस गांव व शहरी क्षेत्र को कितना बजट मिला, किन-किन विकास कार्यों को स्वीकृति मिली और अब तक कौन-कौन से कार्य पूरे हो चुके हैं, इसकी पूरी जानकारी लोगों को दी जाएगी, ताकि विकास की तस्वीर जनता के सामने स्पष्ट रहे।
जून ने कहा कि बहादुरगढ़ विधानसभा के दौरे का उद्देश्य केवल विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करना ही नहीं, बल्कि मौजूदा समस्याओं को भी जानना है। उन्होंने बताया कि बिजली, पेयजल, गली निर्माण, सड़क सहित अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं को लोगो से सीधे सुना जा रहा है, ताकि इस साल उनका भी समाधान कराया जा सके।
इस अवसर पर युवराज छिल्लर,नरेश छिक्कारा, दया, राकेश दलाल, राजेश, काला, राकेश छिक्कारा, सुरेश छिल्लर, जगबीर दलाल, सुनील, अजीत, सुखबीर फौजी, पप्पू, जस्सी जून, संदीप, अजय, लीलू नंबरदार आदि मौजूद थे।
फोटो-86