बहादुरगढ़। शहर के सामान्य अस्पताल में करीब 5 करोड़ रुपये से जीर्णोद्धार चल रहा है। विधायक राजेश जून ने इसका निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
विधायक ने संबंधित ठेकेदार को गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए। राजेश जून ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी विधायकों को निर्देश दिए हैं। ये निर्देश सरकारी भवनों के निर्माण कार्यों की जांच से संबंधित हैं। इसी के तहत उन्होंने सामान्य अस्पताल के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण में मिली कमियों को दूर करवाया जा रहा है।
विज्ञापन
आवश्यक कार्यों को भी सरकार के संज्ञान में लाया जा रहा है। इस जीर्णोद्धार में अस्पताल के शौचालय और प्रयोगशालाओं की टूटी टाइलें बदलना शामिल है। इसमें आवश्यक मरम्मत और अस्पताल भवन के बाहरी हिस्से को आकर्षक बनाना भी शामिल है। यह कार्य जून 2027 तक पूरा होने की संभावना है।
विधायक जून ने अस्पताल परिसर में अधूरे पड़े 100 बिस्तरों के अस्पताल के निर्माण कार्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस कार्य को जल्द पूरा करवाने के लिए प्राक्कलन तैयार करवाए जाएंगे। अधूरे निर्माण को शीघ्र पूरा कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इससे क्षेत्र के लोगों को 100 बिस्तरों वाली अस्पताल सुविधा का पूरा लाभ मिल सकेगा।