साल्हावास। झज्जर से विधायक गीता भुक्कल ने गांव खानपुर कला की गलियों में भरे पानी का निरीक्षण किया और उपस्थित ग्रामीणों से बातचीत करने के उपरांत समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
विधायक ने ग्रामीणों को बताया कि उन्होंने इसके निर्माण के लिए दस लाख रुपये की राशि की स्वीकृति प्रदान की हुई, लेकिन गांव के नाम में त्रुटि होने के बारे में भी अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। इस पर ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि उनकी गली के लिए फिलहाल कोई ग्रांट राशि नहीं मिली है। विधायक ने कहा कि वे इस संबंध में अधिकारियों से बात करेंगी और जल्द ही समस्या का निधान कराएगी। गौरतलब हो कि मुख्य प्रवेश द्वार के पास से फिरनी के रास्ते में दूषित पानी निकासी पूर्ण रूप से न होने से पिछले काफी समय से गंदा पानी मुख्य गली में भरा है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य गलियां नीची होने के कारण भी पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बह रहा है। गलियों से निकलना मुश्किल हो गया है। दूषित पानी की निकासी के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं हैं। इसको लेकर ग्रामीणों ने रोष प्रकट किया। ग्रामीण शिवकुमार, टेकराम, पूर्व सरपंच राजो, वेदपाल, कप्तान सिंह, बिजेंद्र, गुड्डी, विद्या, सुशीला, मंजीत, संजू, हरदेव सिंह, सुखबीर सिंह, सत्यवान, चमनलाल ने बताया कि गांव में दूषित पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से अनुसूचित जाति बस्ती की ओर जाने वाले मेन रास्ते में पानी भरा रहता है। इससे लोगों को इस रास्ते से गुजरने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पीएम पोर्टल पर शिकायत करने पर भी समाधान नहीं हुआ
ग्रामीण सपना दहिया ने बताया कि गली की समस्या के समाधान के लिए उन्होंने शिकायत दर्ज करवाई हुई। उपायुक्त झज्जर भी इस संबंध में दो नवंबर को बीडीपीओ मातनहेल को समाधान के लिए निर्देश जारी कर चुके हैं लेकिन यहां कोई देखने तक नहीं आया। यहां के लोगों को नारकीय जीवन जीना पड़ रहा है।