पीड़िता के बयान दर्ज कर किया केस
लड़की पहले तो छीनाझपटी की बात कहती रही लेकिन जब पुलिस ने ढाबे के सीसीटीवी की जांच की तो पता चला कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। ऐसे में पुलिस कमिश्नर बहादुरगढ़ डॉ. राजश्री सिंह ने महिला से संबंधित मामला होने के कारण इसकी गंभीरता को देखते हुए तुरंत संज्ञान लिया और महिला थाना बहादुरगढ़, थाना शहर बहादुरगढ़ तथा सीआईए की विशेष टीमों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। गठित पुलिस टीमों ने बिना देरी किए पीड़िता के बयान दर्ज किए और आरोपियों के खिलाफ थाना शहर बहादुरगढ़ में दुष्कर्म जैसे संगीन अपराध की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।
महिला थाना बहादुरगढ़ प्रबंधक ने पीड़ित महिला का मेडिकल परीक्षण करवाया तथा इलाका मजिस्ट्रेट के समक्ष थाना शहर बहादुरगढ़ प्रबंधक ने पीड़िता के बयान दर्ज करवाए। पीड़िता को मानसिक एवं कानूनी सहयोग प्रदान करने के लिए लीगल एडवाइजर की सहायता से काउंसलिंग भी करवाई गई। वहीं, दूसरी ओर सीआईए की टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वारदात के बाद आरोपियों द्वारा ठेके से शराब खरीदी थी। 100 रुपये नकदी दिए और 30 रुपये पेटीएम के माध्यम से भुगतान किया गया था, जिसका डिजिटल ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड पुलिस जांच में अत्यंत सहायक साबित हुआ।
इस डिजिटल साक्ष्य के साथ-साथ फोन रिकॉर्ड, सोशल मीडिया और गुप्त सूत्रों की सहायता से छोटूराम नगर क्षेत्र के किराए पर रहने वाले मूल रूप से बिहार निवासी आरोपियों को मात्र 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को बुधवार को अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया जाएगा।