बहादुरगढ़। हरियाणा राज्य औद्योगिक संरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) सेक्टर-4बी स्थित निर्माणाधीन ईएसआई अस्पताल में लूटपाट का मामला सामने आया है। तीन-चार बदमाशों ने शनिवार रात करीब ढाई बजे वारदात को अंजाम दिया। बदमाश चाकू के बल पर पहले सिक्योरिटी गार्डों को बंधक बनाया। इसके बाद स्टोर से 20 लाख रुपये की कॉपर वायर और बिजली का तार उठा ले गए।
शिकायत थाना सेक्टर-6 पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल के आसपास कोई सीसीटीवी भी नहीं लगा है। दिल्ली के मुबारिकपुर डबास के विद्यापति नगर के रहने वाले राजकिशोर शुक्ला ने बताया कि वह निर्माणाधीन ईएसआई अस्पताल में साइट इंजीनियर हैं। शनिवार रात को गार्ड नरेश निवासी होशियारपुर, पंजाब व राजन और गोलू निवासी मध्य प्रदेश ड्यूटी के दौरान अस्पताल परिसर में बने रसोईघर में थे।
करीब ढाई बजे अचानक तीन-चार युवक अस्पताल में घुसे और बिना किसी बात के गार्डों के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने सभी गार्डों को रसोईघर में बंद कर दिया और हाथ-पैर बांध दिए। बदमाशों ने गार्डों को शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। इस पर वे घबरा गए। गार्ड नरेश ने बताया कि वह कुर्सी पर बैठा था। इसी दौरान तीन-चार युवक आए।
उन्होंने उसका गला दबाया और पहने हुए टोपे से मुंह ढक दिया। साथ ही अपने गमछे से उसके हाथ बांध दिए। फिर इसके बाद वह कुछ नहीं देख पाया। नरेश के अनुसार, आरोपी उत्तर प्रदेश की बोली में गालियां दे रहे थे। नरेश ने बताया कि जाते समय आरोपियों ने जिस गमछे से हाथ बांधे थे। बाद में वे उसे खोलकर अपने साथ ही ले गए।
इंजीनियर राजकिशोर शुक्ला ने बताया कि बदमाशों को पता था कि कॉपर वायर कहां रखी है। वे स्टोर से सिर्फ कॉपर वायर, कॉपर स्ट्रिप ही लूटकर ले गए। स्टोर में अन्य सामान भा था वह वहां पर ही रखा है। ऐसे में आशंका है कि बदमाश पहले यहां काम कर चुके होंगे। पुलिस इसकी जांच कर रही है। बदमाश सामान को किय गाड़ी से ले गए। इस बारे में भी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
प्रोजेक्ट मैनेजर नवदीप शर्मा का कहना है कि बदमाशों की संख्या 10-12 रही होगी। 6 बंडल कॉपर स्ट्रिप, 20 कॉपर प्लेट, 37 हजार मीटर कॉपर वायर ले गए हैं। इसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये है। बदमाशों के जाने के बाद सिक्योरिटी गार्ड सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची जांच शुरू की।
वर्जन
साइट इंजीनियर राजकिशोर शुक्ला की शिकायत पर बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी फरार हैं। जल्द ही गिरफ्तार करके लूट का खुलासा किया जाएगा।-सुरेंद्र कुमार, एसएसआई, जांच अधिकारी, थाना सेक्टर-6, बहादुरगढ़।
-फोटो 51 : ईएसआई अस्पताल के इसी स्टोर रूम से लूटी गई है कॉपर वायर। संवाद