झज्जर। 25 मई को मतदान के दिन मतदान केंद्रों की मॉनिटरिंग में माइक्रो ऑब्जर्वर की अहम भूमिका होगी। जिले में सभी माइक्रो ऑब्जर्वर चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और पूरी सतर्कता व निष्पक्षता के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें। जिला निर्वाचन अधिकारी शक्ति सिंह ने वीरवार को लघु सचिवालय स्थित संवाद भवन में माइक्रो ऑब्जर्वर की रिहर्सल के दौरान उन्हें ये महत्वपूर्ण बातें कही। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मतदान से पूर्व अपने पोलिंग बूथों पर चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कर लें। माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति वलनरेबल और क्रिटिकल बूथों पर की गई है। ऐसे में इन अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करना होगा। प्रत्येक अधिकारी को चुनाव समाप्ति के बाद माइक्रो ऑब्जर्वर्स को 16 प्वाइंट की रिपोर्ट सब्मिट करनी होगी। सभी अधिकारी मतदान से एक दिन पूर्व अपने निर्धारित मतदान केंद्रों की लोकेशन पर अवश्य दौरा कर लें। ट्रेनिंग के दौरान डीसी ने कहा कि पोलिंग बूथ के अंदर मतदान कक्ष इस प्रकार से स्थापित किया जाए जिससे वोट की गोपनीयता बरकरार रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि माइक्रो ऑब्जर्वर्स को बेहद सतर्क रहकर कार्य करना है व यह सुनिश्चित करना है कि मतदान केंद्र पर नियमानुसार वोटिंग प्रक्रिया चल रही है। वोटिंग को लेकर किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत एआरओ को दी जाए। उन्होंने कहा कि माइक्रो ऑब्जर्वर इस बात का विशेष तौर पर ध्यान रखें कि पोलिंग बूथ पर प्रत्याशियों के पोलिंग एजेंट किसी प्रकार की चुनाव प्रचार से संबंधित सामग्री के साथ पोलिंग बूथ के अंदर मौजूद ना हो। इस अवसर पर एडीसी सलोनी शर्मा, नायब तहसीलदार (चुनाव) सुरेंद्र कुमार, एपीआरओ मनप्रीत सिंह मौजूद रहे।