बहादुरगढ़। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर 31 अक्तूबर को दिल्ली में होने वाली रन फॉर यूनिटी में प्रतिभागियों की सुविधा के लिए सभी टर्मिनल स्टेशनों से सुबह छह बजे की बजाय चार बजे मेट्रो सेवा शुरू होगी। सुबह चार से छह बजे के बीच हर तीस मिनट के अंतराल पर इन स्टेशनों से मेट्रो ट्रेन मिलेगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने यह सुविधा प्रतिभागियों के लिए की है। पहली ट्रेन के लिए सभी लाइनों पर इंटरचेंज की व्यवस्था शामिल की गई है। ऐसे में 31 अक्तूूबर को ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन से कीर्ति नगर के लिए सुबह चार बजे ट्रेन सेवा शुरू हो जाएगी। मुंडका से सुबह चार बजे इंद्रलोक के लिए ट्रेन चलेगी। रन फॉर यूनिटी प्रतिभागियों को सुविधा प्रदान करने के प्रावधान के बाद सुबह छह बजे से सामान्य कार्य दिवस की समय सारिणी का पालन किया जाएगा।