बहादुरगढ़। तेज हवाओं और आंशिक बादलों की वजह से अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट आई है। जिससे गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस सप्ताह तापमान 40 डिग्री से ऊपर नहीं जाएगा। 18 व 19 जून को हल्की बारिश और आंधी की संभावना है।
शुक्रवार को धूप में लोगों को तेज गर्मी महसूस हुई, लेकिन यह पिछले एक हफ्ते की तुलना में कम रही। शुक्रवार को बहादुरगढ़ में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जोकि वीरवार से तीन डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान भी 29 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 17 जून को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। बूंदाबांदी भी हो सकती है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रह सकता है। 18 और 19 जून को मौसम में काफी बदलाव देखने को मिलेंगे। दोनों दिन बादल छाए रहेंगे। धूप निकलने की उम्मीद कम है। तेज आंधी चलेंगी। आंधी के दौरा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। हल्की बारिश भी होगी। अधिकतम तापमान 35 डिग्री से 36 डिग्री के आसपास रहेगा। वहीं न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री के आसपास बना रहेगा। 21 जून को बारिश और बादलों का घेराव कम होगा। आंशिक बादल छाए रहेंगे। मौसम शुष्क हो जाएगा। शुक्रवार को हवा में 50 से 69 प्रतिशत तक नमी का स्तर रहा।
प्रदूषण का स्तर भी सामान्य, एक्यूआई 103 पहुंचा
बहादुरगढ़ में प्रदूषण का स्तर भी कई दिनों से साफ बना हुआ है। शुक्रवार को एक्यूआई 103 पीले रंग में दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली का एक्यूआई 120, फरीदाबाद का 104, गुरुग्राम का 139, नोएडा का 117 एक्यूआई व सोनीपत का 127 रहा। पानीपत का एक्यूआई हरे रंग में कुल 74 दर्ज किया गया। रोहतक की हवा तो सभी शहरों से साफ रही। यहां का एक्यूआई 51 पर रहा।