बहादुरगढ़। औद्योगिक क्षेत्रों में 24 घंटे निर्बाध व सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति समेत कई मुद्दों को लेकर बिजली निगम अधिकारियों व जिले के उद्यमियों के संगठन कोबी से जुड़े प्रतिनिधियों के बीच एक बैठक हुई। यह बैठक गणपति धाम स्थित कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज कार्यालय में हुई। इसमें हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के कार्यकारी अभियंता विवेक गुप्ता उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड के कार्यकारी अभियंता सचिन दहिया उपस्थित रहे।
बैठक दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा बताया गया कि सराय औरंगाबाद में नए पावर स्टेशन का कार्य भी आने वाले 10 दिनों में पूरा हो जाएगा और सेक्टर-16 एचएसआईआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र के नए पावर हाउस का काम 4-5 महीनों में पूरा कर दिया जाएगा। जिससे काफी हद तक बिजली समस्याओं से उद्योगों को राहत मिलेगी। बैठक में एमआईई के 132 केवीए सब स्टेशन में पुराने कंडक्टरों को एचटी एलएस (हाईटेंशन लो सैग) कंडक्टर से बदलने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्य के लिए लगभग 150 घंटों का शटडाउन आवश्यक होगा। जिससे एमआईई पार्ट-ए और बी औद्योगिक क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति लगभग 20 दिनों के लिए प्रतिदिन 8 घंटे पूरी तरह से बंद रहेगी। हालांकि यह कार्य अनिवार्य है क्योंकि वर्तमान में जो कंडक्टर कार्यरत हैं वे क्षमता से कम हैं और यदि इन्हें समय रहते नहीं बदला गया तो बढ़ते तापमान के कारण अचानक खराबी आने की संभावना है। इसलिए विभाग द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि एचटीएलएस कंडक्टर प्रतिस्थापन का कार्य 9 मई शुक्रवार से प्रारंभ किया जाएगा। यह कार्य प्रतिदिन प्रात: 4 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा और लगभग 20 दिनों तक चलेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा कारणों एवं तकनीकी प्रकृति को देखते हुए यह कार्य रात्रि में संभव नहीं है। इसको लेकर कोबी की ओर से उद्योगपतियों से अनुरोध किया गया कि वे इस कार्य में सहयोग करें और अपने उत्पादन की योजना इस कार्यक्रम को ध्यान में रखकर बनाएं।
इस मौके पर कोबी अध्यक्ष प्रवीण गर्ग, उपाध्यक्ष विपिन बजाज, महासचिव प्रदीप कौल, संयुक्त सचिव सुरेन्द्र वशिष्ठ, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार मित्तल, उद्योगपति पुरुषोत्तम गोयल, सुनील गर्ग, अमरीक सिंह लाल, राजेश चोपड़ा, गुरमीत सिंह, महेश वशिष्ठ, तिलक राज गर्ग सहित कई अन्य उद्यमी मौजूद रहे।
-फोटो 53 : बैठक में निर्बाध बिजली आपूर्ति को लेकर चर्चा करते बिजली निगम अधिकारी व उद्यमी। स्रोत संस्था
-