बेरी। गांव दुबलधन की बेटी मीनाक्षी ने अमृतसर में स्थित गुरु नानक देव विश्वविद्यालय में आयोजित इंडिया इंटर विश्वविद्यालय ट्रैक रोड साइकिल में 3, 4 व 7 किलोमीटर में 3 स्वर्ण पदक जीतकर अपने जिले का नाम रोशन किया है।
इस उपलब्धि पर गांव दुबलधन के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। गांव में पहुंचने पर खिलाड़ी मीनाक्षी का स्वागत किया जाएगा। इससे पहले भी मीनाक्षी साइकिल प्रतियोगिता में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अनेकों पदक जीतकर देश व जिले का नाम रोशन कर चुकी है। मीनाक्षी ने गांव के युवा वर्ग से अपील की है कि यदि मेहनत व लगन के साथ काम करें तो सफलता दूर नहीं है। हमें कभी जीवन में हार नही माननी चाहिए। उन्होंने बताया कि अगस्त में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में उसकी साइकिल क्रेश हो गई थी और उसे काफी चोटें आई, लेकिन धैर्य के साथ हार न मानते हुए अपना अभ्यास निरंतर जारी रखा। मीनाक्षी के दादा कृष्ण रोहिल्ला ने बताया कि असली खुशी तभी मिलती है, जब मेहनत रंग लाती है। मीनाक्षी की मेहनत रंग लाई है। पूरे गांव में खुशी का माहौल है।