किसानों के टीकरी बॉर्डर पड़ाव में कई जगह रहती है गंदगी।
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। प्रशासन आंदोलनकारी किसानों को उठाने के लिए कई तरह की ओच्छी हरकत में लगा हुआ है। प्रशासन ने खुद तो सफाई का कार्य आंदोलन स्थल पर काफी समय पहले बंद कर दिया और अब सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की तरफ से भेजे गए सफाई कर्मचारियों पर भी सफाई न करने का अनावश्यक दबाव बना रहा है। साथ ही जब उनकी ओर से भेजे गए सफाई कर्मचारी कूड़ा उठाकर डंपिंग स्टेशन पर लेकर जाते हैं तो प्रशासन की ओर से कूड़ा वहां डालने से प्रशासन मना कर देता है। प्रशासन के इस रवैये से सफाई कर्मचारी परेशान हैं। यह बातें नगर परिषद की चेयरपर्सन एवं कांग्रेस नेत्री शीला राठी ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कही।
उन्होंनेे कहा कि सरकार और प्रशासन किसानों को बीमार करना चाहती है, ताकि बीमारी फैले और किसान मजबूर होकर उठ जाएं, लेकिन किसान अपना हक मिलने तक आंदोलन जारी रखेंगे। आंदोलनकारी किसानों को उठाने के लिए प्रशासन और सरकार को इस हर की ओच्छी हरकत न करते हुए खुद ही सफाई का कार्य करना चाहिए और हर रोज कूड़े का उठान करना चाहिए। सरकार के आदेश के कारण नगर परिषद चाहकर भी सफाई का कार्य आंदोलन स्थल पर नहीं करवा पा रही है। शीला राठी ने बताया कि 26 जनवरी के बाद से ही प्रशासन ने आंदोलन स्थल पर सुविधाएं वापस ले ली थीं। ऐसे में सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की ओर से अपने निजी खर्च पर सफाई के साथ-साथ अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं, मगर कई दिनों से प्रशासन इस काम को रोकने के लिए तरह-तरह की अड़चन डाल रहा है। जब कूड़े को डंपिंग स्टेशन पर डालने जाते हैं तो प्रशासन यहां कूड़ा नहीं डालने दे रहा है। इससे आंदोलन स्थल पर कूड़ा भारी मात्रा में इकट्ठा हो रहा है।
राठी ने कहा कि किसानों के पड़ाव की बिजली काटी जा रही है। पीने के पानी की व्यवस्था रोकी जा रही है। किसानों के लिए जो अस्थायी शौचालय बनवाए गए थे, एनजीटी का बहाना बनाकर उन शौचालयों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इनके वेस्ट को कही डालने नही दिया जा रहा। हम अपने स्तर पर सफाई और पीने के पानी की व्यवस्था कर रहे हैं, लेकिन हमारी राह में भी प्रशासन रोड़े अटका रहा है। उन्होंने प्रशासन से कहा कि किसान अन्नदाता हैं, वो पूरे देश का पेट पालते हैं। ऐसे में हमें उन्हें हर तरह की सुविधाएं प्रदान करनी चाहिए। अगर प्रशासन इसमें सहयोग नहीं करेगा तो कांग्रेस इसका विरोध करेगी और रोष स्वरूप प्रदर्शन भी कर सकती है। इस मौके पर वाइस चेयरमैन विनोद कुमार, पूर्व चेयरमैन रवि खत्री, पार्षद युवराज छिल्लर, पूर्व पार्षद धर्मेंद्र वत्स, पार्षद अशोक राठी, राजेश खत्री आदि मौजूद थे।