झज्जर। विशाखापट्टनम में आईएनएस ज्योति जहाज के इंजन की पाइप फटने से शनिवार की रात को शहीद हुए नौसेना के जवान अमित मान का पार्थिव शरीर मंगलवार को उनके गांव बिठला में पहुंचा। जहां पर ग्रामीणों ने उसे अश्रुपूर्ण विदाई दी। सैनिक सम्मान के साथ लाडले का अंतिम संस्कार किया गया। नौसेना के अधिकारियों के नेतृत्व में आई सलामी गारद ने हवा में फायर कर, हथियार उल्टे कर और मातमी धुन बजाते हुए शहीद को सलामी दी।
शहीद अमित मान का पार्थिव शरीर अल सुबह करीब तीन बजे झज्जर पहुंचा। जहां से सुबह आठ बजे बाइकों व गाड़ियों के काफिले के साथ गांव के लिए रवाना हुआ और 11 बजकर 35 मिनट पर शहीद का पार्थिव शरीर पैतृक गांव बिठला पहुंचा। तिरंगा झंडा लेकर बाइकों पर सवार युवक डीजे के साथ भारत माता की जय, शहीद अमित मान अमर रहे के नारों के साथ गांव में पहुंचे।
- विद्यार्थियों ने की पुष्प वर्षा
शहीद के घर से अंत्येष्टि स्थल तक एचडी स्कूल साल्हावास के विद्यार्थी गली के दोनों तरफ हाथों में तिरंगे झंडे लेकर शहीद के जयकारे लगा रहे थे। क्षेत्र के काफी संख्या में लोग और विद्यार्थी शहीद की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। दिल्ली से नौसेना की सलामी गारद शहीद को सलामी देने के लिए पहुंची। ग्राम पंचायत की तरफ से अंतिम संस्कार व शहीद स्मारक के लिए करीब एक हजार वर्ग गज पंचायती भूमि दी गई है।
भाई ने दी शहीद को मुखाग्नि
शहीद अमित मान के भाई सचिन ने उसे मुखाग्नि दी। वहीं नौसेना के अधिकारियों ने शहीद के पिता विजय को तिरंगा झंडा, शहीद का फोटो और वर्दी सौंपी।
कोई बड़ा नेता या सरकार का प्रतिनिधि नहीं दिया दिखाई
जेजेपी के जिला अध्यक्ष राकेश जाखड़ छोड़कर कोई भी बड़ा नेता दिखाई नहीं दिया। शहीद के अंतिम संस्कार में न ही कोई विधायक पहुंचा और न ही सांसद। यहां मौजूद लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना रहा। नौसेना के अधिकारियों के अलावा साल्हावास के नायब तहसीलदार लछीराम, डीएसपी नरेश कुमार, साल्हावास पुलिस थाना प्रबंधक रामकरण ने जिला व पुलिस प्रशासन की तरफ से पुष्प चक्र अर्पित किए। वही जेजेपी के जिला अध्यक्ष राकेश जाखड़, पूर्व पार्षद व एसडी स्कूल संचालक रमेश गुलिया, एसीपी राजबीर जाखड़, कांग्रेस के सेठ रामगोपाल, जेजेपी नेता महाबीर शर्मा, पूर्व पार्षद सोनू मातनहेल आदि ने शहीद के पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।