बहादुरगढ़। दिवाली नजदीक आते ही शहर के बाजार रंग-बिरंगी झालरों और सजावटी सामान से सज गए हैं। इस बार ग्राहकों में स्वदेशी और इको फ्रेंडली उत्पादों को लेकर खासा उत्साह है। लोग पीओपी की बजाय मिट्टी और गोबर से बनी गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों को प्राथमिकता दे रहे हैं। सजावटी सामान से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों तक में स्वदेशी की मांग देखी जा रही है।
विज्ञापन
रेलवे रोड, मेन बाजार, नाहरा-नाहरी रोड, झज्जर रोड और दिल्ली-रोहतक रोड पर दुकानों में दिवाली की रौनक दिखाई दे रही है। बाजार में मिट्टी के दीये, मोमबत्तियां, मालाएं, इलेक्ट्रिक झालर और सजावटी सामान ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार, छोटी मिट्टी की मूर्तियां 150 से 300 रुपये और बड़ी आकर्षक मूर्तियां 500 से 1500 रुपये तक में उपलब्ध हैं।
रेलवे रोड के दुकानदार रवि कुमार ने बताया कि इस बार लोग सजावट और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान में भी स्वदेशी उत्पाद पसंद कर रहे हैं। टीवी, मोबाइल, इलेक्ट्रिक लाइट और पूजा सामग्री की खरीदारी में भी ग्राहकों की रुचि है। त्योहार नजदीक आने के साथ बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ रही है।