बहादुरगढ़। रोहद में गोलियां मारकर मौत के घाट उतारे गए मंजीत के शव का सोमवार को पीजीआईएमएस रोहतक में पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद गांव में गमगीन माहौल के बीच उसका दाह संस्कार किया गया। इस संबंध में मृतक मंजीत के मौसेरे भाई की शिकायत पर गांव के ही दो युवकों पर केस दर्ज किया गया है।
आरोप है कि कहासुनी की रंजिश में आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल दोनों फरार हैं और उनकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी जल्द गिरफ्तार होंगे। दरअसल, रोहद का निवासी मंजीत खेती बाड़ी करता था। रविवार की शाम को गांव के श्यामजी मंदिर के दर्शन करके जब वह बाहर निकला तो उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गई। छाती और हाथ पर गोली लगने के कारण उसकी जान चली गई। इस संबंध में मंजीत के मौसेरे भाई विकास की शिकायत पर आसौदा थाना पुलिस ने रोहद के निवासी प्रीतम और अमन के खिलाफ केस दर्ज किया है। वारदात स्थल से पुलिस को पांच खोल और एक सिक्का बरामद बरामद हुआ है। आरोप है कि हत्या से एक दिन पहले मंजीत का दोनों लड़कों के साथ विवाद हुआ था। उसी रंजिश में वारदात कर दी गई। अमन बाइक चला रहा था तो प्रीतम द्वारा गोलियां चलाने की बात सामने आई है। हत्या के इस मामले में आसौदा थाने के अलावा पुलिस की अन्य टीमें भी काम कर रही हैं। आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश चल रही है। आसौदा थाना प्रभारी सुनील कुमार का कहना है कि फिलहाल तो कहासुनी की रंजिश में हत्या की बात सामने आ रही है। आरोपियों को तलाश रहे हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपियों से पूछताछ में ही वारदात की असल वजह सामने आ सकेगी।