झज्जर। उधार सामान न देने की रंजिश को मन में रखते हुए गांव सुलौधा निवासी एक बुजुर्ग की चोट मार कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रबंधक सदर झज्जर निरीक्षक कृष्णकांत ने बताया कि मृतक के बेटे विनोद निवासी सुलौधा जिला झज्जर ने बताया था कि कुछ व्यक्ति लाठी डंडे, कुल्हाड़ी, नुकीले हथियार व तेज धारदार हथियार लेकर घर में जबरन घुस गए थे। आरोपियों ने उसकी बहन व माता के साथ मारपीट की और पिता पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ थाना सदर झज्जर में आपराधिक मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस उपायुक्त झज्जर लोगेश कुमार द्वारा मामले की छानबीन करने तथा आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के निर्देश दिए गए थे। मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इसकी पहचान प्रियांशु निवासी सुलौधा के तौर पर की गई। अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश अनुसार आरोपी को पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।