बहादुरगढ़। वैश्य आर्य शिक्षण महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। महाविद्यालय में इस दिवस पर सभी टीचिंग, नॉन टीचिंग व छात्राओं ने मिलकर शपथ ली। साथ ही स्कूलों में प्रशिक्षण पर गई महाविद्यालय की छात्राओं ने अपने-अपने विद्यालयों में सभी विद्यार्थियों को मतदान के प्रति जागरूक करते हुए शपथ दिलाई।
इस साल भारत 14वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मना रहा है। हर साल किसी न किसी राज्य में विधानसभा चुनाव होते हैं, इसके अलावा हर पांच साल में लोकसभा चुनावों की भी तैयारी होती है। अगले कुछ ही महीने में लोकसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इस चुनाव की पूरी जिम्मेदारी भारत के चुनाव आयोग की होती है, जो देशभर के लोगों को वोट डालने के लिए जागरूक भी करता है। 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस भी मनाया जाता है। देशभर में इस दिन कई तरह के अलग-अलग कार्यक्रम होते हैं और लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित किया जाता है।
इस राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में चुनावी जागरूकता पैदा करना और उन्हें चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर युवा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अलग-अलग कैंप लगाए जाते हैं और फर्स्ट टाइम वोटर्स को उनका मतदाता फोटो पहचान पत्र दिया जाता है। कई जगहों पर युवाओं के लिए सेल्फी प्वाइंट भी लगाए जाते हैं। इस कार्यक्रम का आयोजन वाईआरसी, एनएसएस, आउटरीच सैल, एसएस क्लब, लीगल सेल द्वारा कराया गया।