बहादुरगढ़। रविवार की देर रात गांव रोहद में स्थित एक ढाबे पर लूटपाट हो गई। गाड़ी में सवार होकर आए नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पहले ढाबा संचालक को उठाया और फिर पिस्तौल तानकर धमकी देते हुए रुपये मांगे। ढाबा संचालक व उसके भाई से रुपये, मोबाइल लेकर भाग गए। ढाबा संचालक की शिकायत पर आसौदा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वारदात रोहद स्थित त्रिवेणी ढाबे पर हुई। दरअसल, इस्माइला गांव के निवासी सुरेश का रोहद में यह ढाबा है। रविवार की रात को वह और उसका भाई बलराज ढाबे पर ही सो रहे थे। सुरेश के मुताबिक, रात करीब दो बजे हमारे ढाबे पर बदमाश आए। एक युवक ने मुझे उठाया और पिस्तौल तानकर कहा कि जो कुछ है दे दे। इतना कहकर मेरी जेब से 20 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। नजदीक सो रहे भाई बलराज को भी उन्होंने घेर लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने डंडों से बलराज पर हमला कर दिया और उसकी जेब से भी पांच हजार रुपये तथा ढाबे के गल्ले से एक हजार रुपये निकाल लिए। जाते जाते धमकी देते हुए हमारे मोबाइल व अपाचे बाइक भी ले गए। हमने बाहर निकलकर देखा तो वे बदमाश एक गाड़ी में बैठकर सांपला की तरफ भाग गए। वारदात को चार बदमाशों ने अंजाम दिया, सभी नकाबपोश थे। उधर, सूचना पाकर पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंची। रातभर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी रही, लेकिन उन तक नहीं पहुंच पाई। पुलिस ने पीड़ित सुरेश की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द से जल्द वारदात सुलझाने का दावा किया जा रहा है।