दुल्हेड़ा से मेरठ जाने के लिए निकले एक गाड़ी चालक के साथ डाबोदा के पास बाइक सवार दो युवकों ने पिस्तौल के बल पर लूटपाट की। उससे नकदी व मोबाइल फोन समेत अन्य सामान छीन लिया। सूचना मिलने पर बादली थाना पुलिस ने इस संबंध में कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया है। आरोपियों का अभी कोई सुराग नहीं लग पाया है।
दुल्हेड़ा निवासी बिजेंद्र ने बताया कि उसके पास पिकअप गाड़ी है। 29 अगस्त की रात को करीब 2 बजे अपने घर से गाड़ी में सामान लोड करके मेरठ जाने के लिए निकला था जब वह दुल्हेड़ा से कुछ ही दूरी पर डाबोदा की तरफ पहुंचा तो बांके मंदिर के पास एक बगैर नंबर की बाइक पर सवार दो युवकों ने उसकी गाड़ी को रुकवा लिया। एक युवक ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल लगा दी और दूसरे ने पर्स व मोबाइल छीन लिया। पर्स में डेढ़ हजार रुपये की नकदी व कीमती कागजात भी रखे हुए थे। उन्होंने बताया कि उक्त घटना के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर झज्जर की तरफ भाग निकले। उधर, इस मामले में बादली थाना पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान पर अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।