बहादुरगढ़। दो सप्ताह से अधिक समय से लगी ग्रैप-4 की पाबंदियां अभी खत्म नहीं हुई है। इसके कारण दिल्ली में डीजल ट्रकों की एंट्री नहीं हो रही है। इसके चलते दूसरे राज्यों से दिल्ली जाने के लिए में बहादुरगढ़ बाईपास पर ट्रकों की लंबी लाइन लगी हुई है। इससे ट्रक चालक काफी परेशान हैं।
ट्रक चालकों का कहना है कि अब मौसम पूरी तरह साफ हो चुका है। ग्रैप-4 की पाबंदियां हटाई जानी चाहिए। ताकि वे ट्रकों में लोड सामान को गंतव्य पर उतार सकें। दरअसल, नवंबर महीने में लगातार बढ़े प्रदूषण के कारण कमिशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) की ओर से 18 नवंबर को ग्रैप-4 की पाबंदी लगाई गई थी।
इसके तहत डीजल ट्रकों की दिल्ली में एंट्री बैन हो गई थी। केवल सीएनजी और इलेक्ट्रिक गाड़ियों को ही जाने की अनुमति थी। महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, पंजाब के अलावा अन्य प्रदेशों से माल की ढुलाई करने वाले ट्रक चालक गाड़ियों में सामान लेकर पहुंचने शुरू हो गए थे, लेकिन यहां पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि दिल्ली में डीजल ट्रकों की एंट्री बंद है और वे यहीं पर खड़े हो गए। इससे उन्हें काफी परेशानी हाे रही है।
इसके बाद से ही वह ग्रैप-4 की पाबंदी खत्म होने का इंतजार करने लगे। कई ट्रक चालक तो ऐसे हैं जो पिछले हफ्ते से यहां खड़े हैं।