बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ बार एसोसिएशन की एक बैठक बार के प्रधान सत्यवान राठी की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक शुरू होने पहले बार के सदस्य व पूर्व उप प्रधान कुलदीप सैनी के दादा मास्टर रामदास सैनी के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। बैठक में दो अलग-अलग एजेंडों पर मुख्य रूप से चर्चा की गई। इसमें एक एजेंडा बहादुरगढ़ बार एसोसिएशन के 28 फरवरी को होने वाले चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति के लिए रहा। सदन की ओर सर्वसम्मति से एडवोकेट सुरेन्द्र सिंह लोहचब और एडवोकेट संजय शर्मा को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया।
छिल्लर के प्रचार करने पर रोष
वहीं, दूसरा एजेंडा एडवोकेट अधिनियम एक्ट 1961 के खिलाफ जाते हुए एडवोकेट विक्रम छिल्लर की ओर से शहर में विज्ञापन और बैनर चिपकाकर अपना प्रचार प्रसार करते हुए अनुचित लाभ लेने के लिए व बार एसोसिएशन बहादुरगढ़ में रजिस्टर्ड अन्य वकीलों की छवि खराब करने के विषय में था। सदन ने सहमति जताई कि विक्रम छिल्लर एडवोकेट ने पूरे शहर में विज्ञापन और बैनर चिपकाकर अपना प्रचार प्रसार करते हुए अनुचित लाभ लेने के लिए और बार एसोसिएशन बहादुरगढ़ में रजिस्टर्ड अन्य वकीलों की छवि खराब करने का काम किया है। इससे वकीलों में रोष बना हुआ है। इस पर सदन ने विक्रम छिल्लर की सदस्यता बार एसोसिएशन बहादुरगढ़ से रद्द करने, चैंबर वापिस लेने और वकालत लाइसेंस को समाप्त करने के लिए बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा चंडीगढ़ को भी सिफारिश की है।
एसोसिएशन के सहसचिव सौरभ शर्मा, कोषाध्यक्ष रणजीत राठी, पूर्व प्रधान देवेंद्र लाठर, पूर्व उप प्रधान चांद जून और पूर्व सचिव राजदीप छिल्लर सहित अन्य वकीलों ने कहा कि यदि आगे भी कोई इस तरह का काम करता है तो यही कार्यवाही सभी पर लागू होनी चाहिए। बैठक में शामिल हुए वकीलों ने एक स्वर में कहा कि बार एसोसिएशन बहादुरगढ़ छवि धूमिल नहीं होने दी जाएगी। बैठक में मंच संचालन कोषध्यक्ष रणजीत राठी ने किया।
-
अधिवक्ता विक्रम छिल्लर की सदस्यता बार एसोसिएशन बहादुरगढ़ से रद्द कर दी गई है और उनके चैंबर को वापिस लेने को कहा गया है। यह फैसला बार एसोसिएशन की हुई बैठक में लिया गया है। उन्हें नोटिस भी दिया गया है, लेकिन उन्होंने नोटिस रिसीव नहीं किया।
-सत्यवान राठी, प्रधान, बहादुरगढ़, बार एसोसिएशन
-
मुझे बार एसोसिएशन की सदस्यता से निष्कासित करने का कोई नोटिस नहीं मिला है। नोटिस मिलता है तो उसका जवाब दिया जाएगा। बार एसोसिएशन की हुई मीटिंग में भी इस तरह का कोई फैसला नहीं लिया गया है। वह स्वयं मीटिंग में मौजूद थे।
-विक्रम छिल्लर, अधिवक्ता
-फोटो 51 : सत्यवान राठी, प्रधान बार एसोसिएशन बहादुरगढ़।