बहादुरगढ़। गांव छारा के पशु अस्पताल में पंचायत सदस्यों की ओर से किए गए निरीक्षण के दौरान मंगलवार को ताला लटका मिला। यहां न तो कोई डाक्टर मिला और ना ही सूचना बोर्ड पर दवाइयों के स्टाक की कोई जानकारी मिली।
इससे बीमार पशुओं के इलाज को आने वाले पशुपालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पंचायत सदस्यों ने इसकी शिकायत पशुपालन विभाग के उपनिदेशक को भेजी है। उन्होंने इसे गंभीर बताकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। गांव छारा के वार्ड सात से पंच अनिल दलाल और वार्ड 11 के पंच विनोद सुबह करीब सवा आठ बजे और फिर दो बजे गांव के राजकीय पशु अस्पताल में निरीक्षण करने गए थे। उस दौरान अस्पताल में न तो कोई डाक्टर मिला और ना ही उनके संबंध में कोई सूचना। उन्होंने बताया कि दवाइयों को लेकर भी कोई सूचना अस्पताल के सूचना पट्ट पर थी। ऐसे में दोनों पंचों ने उपनिदेशक से अस्पताल की इन समस्याओं के समाधान की मांग की है ताकि पशुपालकों को कोई परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि सरकार इन चिकित्सकों के वेतन पर काफी धनराशि खर्च करती है लेकिन ये लोग अपनी जिम्मेदारी सही ढंग से नहीं निभाते। इस कारण आम लोगों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पाती।