झज्जर। गांव दादनपुर में आपसी रंजिश और कहासुनी के चलते सीआरपीएफ के एक जवान और उसके भाई पर लाठी-डंडों व तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में घायल जवान की शिकायत पर गांव के ही कई नामजद व्यक्तियों सहित अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
दादनपुर निवासी प्रदीप कुमार ने पुलिस को बताया कि वह सीआरपीएफ में है और फिलहाल छुट्टी पर घर आया है। 20 अप्रैल की शाम करीब 6:30 बजे वह बाल कटवाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में सोमबीर नामक व्यक्ति के मकान के पास भीड़ देख जब वह वहां रुका तो देखा कि कुछ युवक उसके सगे भाई विकास के साथ मारपीट कर रहे थे।
उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की और मारपीट का कारण पूछा तो हमलावरों ने उस पर भी हमला बोल दिया। हमले में हसलापुर निवासी हरीश, योगेश, सुंदर, राजेश, अजय और 6-7 अन्य लड़के शामिल थे। हमलावरों ने लाठी-डंडों और हथियारों से प्रदीप के सिर, नाक, जबड़े और कमर पर गंभीर चोटें पहुंचाईं।
घायल प्रदीप और उसके भाई को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। थाना सदर झज्जर के एएसआई रविंद्र ने बताया कि प्रदीप की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।