झज्जर। डीघल गांव के पास तीन महीने पहले एक युवक की गाड़ी को रुकवाकर उसका लाइसेंसी पिस्तौल, कारतूस, सोने की चेन और एक लाख 87 हजार रुपये छीनने के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार थाना दुजाना के तहत आने वाली पुलिस चौकी डीघल के प्रभारी उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अमित निवासी डीघल हाल रोहतक ने शिकायत दी थी कि 6 अक्तूबर 2020 को वह अपने गांव डीघल से रोहतक की तरफ जा रहा था। रास्ते में एक कार सवार ने इशारा कर उसे रोक लिया। जब वह गाड़ी से नीचे उतरा तो वह उसके साथ हाथापाई करने लगा। इसी दौरान एक अन्य कार आकर रुकी और उसमें से 3-4 लड़के उतरे और उस पर हमला कर दिया। आरोपी उसकी लाइसेंसी पिस्तौल, पांच कारतूस, सोने की चेन और एक लाख 87 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ थाना दुजाना में मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि डीघल पुलिस चौकी की एक टीम द्वारा एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान नीरज निवासी गांव डीघल के रूप में हुई है। चौकी प्रभारी ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।