झज्जर। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की तरफ से एचटेट परीक्षा का आयोजन शनिवार व रविवार को होगा। शनिवार को सायंकालीन सत्र में लेवल-तीन पीजीटी की परीक्षा होगी। इसके लिए जिले में 2651 आवेदकों की परीक्षा होगी। परीक्षा को लेकर बोर्ड व स्थानीय प्रशासन की तरफ से अपनी तैयारी पूरी कर ली हैं। परीक्षा के लिए कुल 16 केंद्र बनाए गए हैं, इसमें 11 झज्जर व 5 बहादुरगढ़ में हैं।
सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के अलावा जैमर लगाए गए हैं और पुलिस तैनात रहेगी। जांच के बाद ही आवेदकों को केंद्र में जाने दिया जाएगा। अधिकतर आवेदकों के गृह जिलों में सेंटर दिए गए हैं। यदि किसी आवेदक का दूसरे जिले में सेंटर है तो उसके लिए रोडवेज बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। सीईटी की तरह एचटेट परीक्षा के लिए सफर करने में किराया में छूट नहीं होगी। इस संबंध में मुख्यालय की तरफ से पत्र जारी कर दिया है।
8968 आवेदक देंगे परीक्षा
लेवल-3 पीजीटी के लिए 2651, लेवल-2 की टीजीटी के लिए 4305 और लेवल-1 पीआरटी के लिए 2012 परीक्षार्थी शामिल होंगे। लेवल-3 पीजीटी परीक्षा शनिवार 2 दिसंबर को दोपहर तीन बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी। इसके बाद अगले दिन लेवल-2 की टीजीटी परीक्षा रविवार 3 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। जबकि लेवल-1 पीआरटी के लिए भर्ती पात्रता परीक्षा रविवार 3 दिसंबर को दोपहर तीन बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी।
वीसी के जरिये लिया तैयारी का जायजा
उपायुक्त शक्ति सिंह ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर विडियो कांफ्रेंस से अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए हैं।बताया है कि एचटेट को नकल रहित, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए प्रशासन सतर्क है। एसपी डाॅ. अर्पित जैन ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी। इससे पहले मुख्य सचिव हरियाणा संजीव कौशल ने जिला प्रशासन के साथ तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में एडीसी सलोनी शर्मा, एसडीएम बहादुरगढ़ राहुल मोदी, एसडीएम झज्जर विशाल, सीटीएम परवेश कादियान, डीआरओ प्रमोद चहल, डीईओ राजेश कुमार, डीईईओ सुभाष भारद्वाज मौजूद रहे।