झज्जर। आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के मद्देनजर झज्जर पुलिस द्वारा अवैध असलाह रखने वाले दोषियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक झज्जर डॉ. अर्पित जैन के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत झज्जर पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा पिछले 12 माह के दौरान जिले के अलग-अलग स्थानों से 169 आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की गई।
अभियान के तहत नाजायज असलाह रखने वाले और अवैध असलाह की सप्लाई करने वालों की धरपकड़ के लिए झज्जर पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा विशेष रूप से कड़ी निगरानी रखते हुए सख्ती से कार्रवाई अमल में लाई गई। अवैध हथियारों का वितरण करने, बेचने और खरीदने की गतिविधियों में संलिप्त दोषियों को पकड़ने के लिए पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा थाना व चौकी स्तर पर विशेष रूप से कड़ी निगाह रखी गई। अवैध हथियार बनाने व बेचने के अवैध धंधे में लिप्त दोषियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया गया।
एसपी डॉ. अर्पित जैन के अनुसार अभियान के तहत 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2023 तक जिले के अलग-अलग स्थानों पर तैनात पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा 166 मामलों में नाजायज असलाह के साथ 169 आरोपियों को काबू करने में सफलता हासिल की गई। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 181 देशी पिस्तौल, 2 देशी रिवाॅल्वर, एक देशी गन, एक चाकू व 253 जिंदा कारतूस बरामद हुए। जिला के विभिन्न स्थानों से अवैध असलाह के साथ पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ संबंधित थाना में शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज किए गए। अभियान के तहत नाजायज असलाह की सप्लाई चैन को तोड़ने के लिए विभिन्न टीमों द्वारा सख्ती से कार्रवाई अमल में लाई गई।