बादली। एशियन गेम्स में देश को स्वर्ण पदक दिलाकर लौटी पलक के लिए निमाना गांव ने पलक-पांवड़े बिछा दिए। गांव की बेटी के स्वागत के लिए पूरा गांव उमड़ गया। सर आंखों पर बैठाया। ढोल-नगाड़े और गाजे बाजे के साथ गांव में खूब जश्न मना। बड़े-बुजुर्गों ने पायल को ओलंपिक में भी स्वर्ण पदक जीतने का आशीर्वाद दिया। गांव में हुए सम्मान समारोह में डीसी से लेकर भाजपा अध्यक्ष समेत कई जनप्रतिनिधि, गुलिया खाप के प्रतिनिधियों के अलावा आसपास के गांव के सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए।
पलक गुलिया ने चीन में आयोजित एशियन गेम्स में दो-दो पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। रविवार सुबह दिल्ली के ढांसा बार्डर से पलक गुलिया को खुली जीप में बैठाकर गाजे बाजे के साथ एक बड़े काफिले में साथ गांव में लाया गया। गुलिया खाप के नेतृत्व में हुए स्वागत समारोह में सबसे पहले बादली गांव के बस स्टैंड पर गांव की ओर से प्रधान विनोद गुलिया ने फूलमालाओं से पलक का स्वागत किया। काफिले के दौरान ही राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और विधायक कुलदीप वत्स भी पहुंचे और खिलाड़ी पलक को आशीर्वाद देकर सम्मानित किया। गांव में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया इसमें जिला उपायुक्त शक्ति सिंह पहुंचे और जिला प्रशासन की ओर से पलक गुलिया को बधाई दी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, हरियाणा सरकार में महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश डांडा, पूर्व विधायक नरेश प्रधान, जजपा जिला अध्यक्ष संजय कबलाना, प्रो कबड्डी खिलाड़ी नीर गुलिया, मामन ठेकेदार, जिला पार्षद अंकूर गुभाना और जगबीर निमाना भी पहुंचे और मंच से ही पलक के उज्जवल भविष्य की कामना की। सभी ने कहा कि झज्जर की बेटियां देश को तमगे दिला रही हैं।
एशियन गेम्स में दो पदक
एशियन गेम्स में पलक ने भारतीय ट्रिपल के 10 मीटर में रजत पदक हासिल किया। पलक ने एकल मुकाबला में स्वर्ण पदक पर निशाना साधकर देश की झोली में डाला और देशवासियों की खुशी को डबल कर दिया। जूनियर विश्व कप की 10 मीटर में स्वर्ण, आईएसएसएफ शूटिंग विश्वकप 2022 में रजत पदक, मिश्रित स्पर्धा में शिव नरवाल के साथ जोड़ी में कांस्य पदक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन किया। इसके अतिरिक्त पलक लेवल पर अंडर-18, अंडर-21 और सीनियर श्रेणी में पलक नंबर-1 है।
ओलंपिक पर अगला निशाना
पलक गुलिया ने सम्मान समारोह में सादगी के साथ अभिवादन स्वीकार किया और अपनी जीत का श्रेय परिजनों और कोच को दिया। साथ पलक ने कहा कि जीत से अति उत्साहित नहीं है और आगे भी देश के लिए खेलना और जीत हासिल करने के लिए मेहनत करेगी। उन्होंने कहा कि ओलंपिक में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाना उनका अगला लक्ष्य है।