झज्जर। लैब संचालकों ने अपनी विभिन्न मांगो को लेकर सोमवार को अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा। इसी क्रम में सभी लैब संचालकों ने सोमवार को डिग्री और डिप्लोमा की प्रतियां जलाई। उसके बाद लघु सचिवालय में डीसी व सीएमओ को अपनी मांगो को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार बिना कोई नोटिस के उन्हें परेशान कर रही है। लैब संचालक कोई अनुचित काम नहीं कर रहे है। उनके पास जो डिग्रियां है, वे उसी के अनुरूप काम कर रहे है। उन्होंने कहा कि लैब संचालक जो भी काम करेंगे, उसकी साइनिंग अथॉरिटी वे खुद ही रहेंगे और काम की पूरी जिम्मेदारी भी उन्हीं की होगी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार लेबोरेटरी मेडिकल काउंसिल बनाकर बेसिक लैब को रजिस्टर्ड करवाए। साथ बायो मेडिकल वेस्ट शुल्क को कम करे। सरकार नीतियों के अनुसार हर लैब पर एमबीबीएस डॉक्टर होने चाहिए, लेकिन ऐसा संभव नहीं है। जो टेस्ट सस्ते दाम पर होते हैं। अगर लैब पर एमबीबीएस डाक्टर रखा गया तो टेस्ट की कीमत और भी ज्यादा बढ़ जाएगी और इसकी मार जनता पर ही पड़ेगा। सरकार को अपना फैसला जल्द वापस लेना चाहिए।