कैंटर में टक्कर के बाद कार की हालत।
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस वे पर रविवार को आसौदा गांव के नजदीक खड़े एक कैंटर से एक कार टकरा गई। हादसे में कार में सवार एक युवक और युवती की मौत हो गई। सूचना मिलने पर आसौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को बहादुरगढ़ के सरकारी अस्पताल में भिजवाया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक कार चालक के मामा आसौदा निवासी जयकरण के बयान पर कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार बवाना दिल्ली के रहने वाला बलराम (34) और महक (16) किसी कार्य से गुरुग्राम जा रहे थे।
रविवार की सुबह दिल्ली के बवाना से कार में सवार होकर दोनों कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे से गुरुग्राम की ओर निकले थे। जैसे ही वे आसौदा गांव के नजदीक पहुंचे तो यहां उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक कैंटर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त रही कि कार के परखच्चे उड़ गए और हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शवों का काफी मुश्किलों से कार के अंदर से निकाला गया। हादसे की सूचना मिली तो आसौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों की पहचान करते हुए परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन सूचना पाकर बहादुरगढ़ अस्पताल में पहुंचे। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाया। बाद में शवों का पोस्टमार्टम कराकर दोनों के परिजनों को सौंप दिया।
हादसे के बाद दुर्घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। आसौदा थाना पुलिस ने मृतक कार चालक के मामा जयकरण के बयान पर कैंटर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल वह फरार है। कैंटर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस सूचना मिलते ही दुर्घटनास्थल पर पहुंच गई थी। शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास कर दिए हैं।
कुलदीप, चौकी प्रभारी, आसौदा।