बहादुरगढ़। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन की ओर से 14 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में महापंचायत का आयोजन होने जा रहा है। इसमें सभी फसलों की एमएसपी पर खरीद की गारंटी का कानून बनाने, बिजली संशोधन बिल 2023 व प्रीपेड मीटर स्कीम वापस लेने, ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग की जाएगी। किसानों की अन्य मांग भी इस महापंचायत में उठाई जाएगी। महापंचायत को सफल बनाने के लिए संगठन के कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र के गांव-गांव जा रहे हैं तथा लोगों को पंचायत में भाग लेने का निमंत्रण दे रहे हैं। इसी कड़ी में ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने जिले के छारा गांव का दौरा किया तथा घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। छारा के किसान ओमप्रकाश ने बताया कि बेमौसमी बारिश, ओलावृष्टि व जलभराव से हमारी फसलें बर्बाद हो जाती हैं, उनका मुआवजा भी नहीं मिलता। कई बार भाव पिट जाते हैं। खेती में हमारी लागत भी पूरी नहीं होती, हमारी युवा संतानों को अन्य कोई स्थाई रोजगार नहीं मिलता। अभियान में संगठन के प्रदेश सचिव जयकरण मांडौठी के अलावा रामकिशन तथा अन्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।