झज्जर। खेल संस्कृति को जिले में और सशक्त बनाने की दिशा में हरियाणा के खेल विभाग की तरफ से गुरुकुल झज्जर में कुश्ती खेल का 'खेलो इंडिया लघु केंद्र' स्वीकृत किया गया है। यह केंद्र अब न केवल उदीयमान खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा बल्कि पूर्व चैंपियन एथलीटों को भी अनुभव साझा करने का मंच प्रदान करेगा।
ग्रामीण प्रतिभाओं को अब दूर-दराज के खेल संस्थानों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इसी जिले में उन्हें उच्च स्तर की ट्रेनिंग मिलेगी। जिला खेल अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल के दिशा-निर्देशन में खेल विभाग की नीतियों व योजनाओं को जिले में प्रभावी तरीके से संचालित किया जा रहा है। यह केंद्र निचले स्तर से ही खेल प्रतिभाओं को निखारने का माध्यम बनेगा।
इससे जिले में खेल के प्रति रुचि और सहभागिता में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि इस केंद्र में अनुभव के आधार पर पूर्व चैंपियन एथलीट को जोड़ा जाएगा, जिसके लिए 30 जून तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र पूर्व चैंपियन एथलीट 30 जून तक जिला खेल कार्यालय झज्जर में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। वे पात्रता अनुसार केंद्र से जुड़ सकते हैं और अगली पीढ़ी को प्रशिक्षित करने में अपनी अहम भूमिका निभा सकते हैं।