पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने राबर्ट वाड्रा मामले में मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर पलट वार किया है।
छह महीने में वाड्रा को जेल भेजने वाले मुख्यमंत्री के बयान को उन्होंने जांच कमीशन को प्रभावित करने वाला बयान बताया है।
वीरवार को बहादुरगढ़ में पत्रकार वार्ता हुड्डा ने सरकार पर धान खरीद के नाम पर प्रदेश का सबसे बड़ा घोटाला करने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने इस मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। हुड्डा ने बताया कि वह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे। इसके लिए खुद नीतीश कुमार ने उन्हें आमंत्रित किया है।
वाड्रा ने कुछ गलत नहीं किया
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद राबर्ड वाड्रा को लैंड डील मामले में जेल भेजने के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के बयान पर भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि ऐसा बयान ढींगरा जांच कमीशन की रिपोर्ट को प्रभावित करने के लिए दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वाड्रा ने कुछ गलत नहीं किया है।
ऐसा बयान देकर सरकार ने अपनी नीयत जाहिर की है, जो ठीक नहीं है। बहादुरगढ़ में कांग्रेस नेता रणबीर जून के पिता की मौत पर संवेदना प्रकट करने आए पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। हुड्डा ने कहा कि आज भाजपा सरकार के कार्यकाल में किसानों को खरीद की पर्ची 1450 की दी और दाम दिए 1200 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से। इस तरह 2 हजार करोड़ रुपये का धान खरीद घोटाला हुआ है।
इनेलो पर निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री ने इनेलो पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इनेलो भले की मुख्य विपक्षी दल हो, लेकिन सदन में इनेलो सरकार के मुख्य सहयोगी दल की भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि उनके मुख्यमंत्री रहते हुए किसी नेता पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। ओमप्रकाश चौटाला का मामला उन्हीं की सरकार के समय चला और फैसला दिल्ली में आया है, जिसमें उनका कोई लेना-देना नहीं है। हुड्डा इनेलो के उस आरोप का जवाब दे रहे थे, जिसमें इनेलो नेता चौटाला की सजा के पीछे हुड्डा का हाथ बताते हैं।