संवाद न्यूज एजेंसी
बेरी। दुजाना थाना के अंतर्गत आने वाले गांव खातीवास में एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने मौके पर एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने कंपनी के स्टाफ के कुछ सदस्यों के अलावा गांव के ही एक परिवार के कुछ लोगों पर परेशान करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक 46 वर्षीय जितेंद्र की पत्नी कविता की शिकायत पर गांव के लोगों व कंपनी के स्टाफ पर मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव खातीवास निवासी कविता पत्नी जितेंद्र का कहना है कि उनके पति जितेेंद्र दिल्ली एयरपोर्ट पर किसी कंपनी के तहत लोडर ऑपरेटर तैनात थे। उन्होंने कई बार उसे बताया कि उसके गांव के जगत सिंह व उसके दोनों बेटे जयवीर व अशोक हमारी जमीन पर कब्जा किए हुए हैं और वह कब्जा नहीं छोड़ रहे। वह उसे परेशान कर रहे हैं। कंपनी का स्टाफ सदस्य रविन्द्र, विनोद और कुलदीप भी उसे अक्सर परेशान करते रहते हैं। उन्हीं से परेशान होकर पति ने खेत में जहरीली गोलियां निगलकर आत्महत्या की है।
गांव खातीवास में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। मृतक ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें गांव के कुछ लोगों के साथ जमीन विवाद का मामला है और एयरपोर्ट पर स्टाफ की ओर से परेशान करने का मामला सुसाइड नोट में लिखा हुआ है। सुसाइड नोट कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। झज्जर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
- सुनील कुमार, थाना प्रभारी दुजाना।