बहादुरगढ़। करवाचौथ में अब सिर्फ चार दिन शेष हैं। ऐसे में शहर के सभी प्रमुख बाजार करवाचौथ के सामान से सज चुके हैं। सिर्फ परिधान ही नहीं बल्कि फैशन के दौर में करवा, छलनी और थाली भी डिजाइनर हो गए। पहली बार करवाचौथ का व्रत करने वाली नवविाहिताओं के साथ सालों से रीति निभा रही महिलाएं भी डिजाइनर थाली खरीदने में पीछे नहीं हैं।
पति की लंबी आयु के लिए रखा जाने वाला करवाचौथ का व्रत 10 अक्तूबर को है। ऐसे में रेलवे रोड, मेन बाजार, नजफगढ़ रोड, नाहरा-नाहरी रोड, दिल्ली-रोहतक रोड से लेकर शहर के सभी प्रमुख बाजार सज चुके हें।
शहर में लगने वाली दुकानों पर करवाचौथ और दीपावली स्पेशल सामान ही विशेष रूप से पसंद किया जा रहा है। शहर के मेन बाजार के दुकानदार रवि मल्होत्रा बताते हैं कि करवाचौथ के नजदीक आते ही ड्रेस की मैचिंग की चूड़ियां खरीदने के लिए आने वाली महिलाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके अलावा चूड़े की भी डिमांड बढ़ी है।
थाली का स्पेशल सेट
मेन बाजार स्थित हाई फैशन की संचालिका रुचि बताती है कि उनके यहां करवाचौथ स्पेशल थाली का सेट मिल रहा है। इसमें थाली, करवा, छलनी शामिल हैं। इसके अलावा थाली को ढकने के लिए कवर, मंदिर में बिछाने के लिए आकर्षक मैट की डिमांड भी इन दिनों बढ़ गई है।
मेहंदी की बुकिंग भी हो रही
मेन बाजार में हर वर्ष करवाचौथ पर मेहंदी रचाने का काम करने वाले अमित कुमार बताते हैं कि प्रतिदिन 5 से 8 महिलाएं मेहंदी लगवाने के लिए आ रही हैं। करवाचौथ की पूर्व संध्या पर मेहंदी लगाई जाएंगी।
ये हैं कीमतें
थाली और करवा : 200 रुपये से 1500 रुपये तक
थाली कवर : 200 से 600 रुपये
चूड़ी सेट : 250 रुपये से शुरू
मेहंदी रेट : 500 रुपये से शुरू