झज्जर। सम्मी कादयान व सौरव की गेंदबाजी और कप्तान लक्ष्य दलाल के ऑलराउंडर प्रदर्शन की बदौलत झज्जर की टीम ने पटौदी ट्रॉफी के अपने अंतिम लीग मैच में जीत दर्ज की है। मैच में झज्जर की टीम ने हिसार को 9 विकेट से हराकर जोन-बी के ग्रुप की अंकतालिका में पहला स्थान प्राप्त किया।
रोहतक के लाहली गांव स्थित चौधरी बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम ग्राउंड-बी में झज्जर और हिसार की टीम के बीच पटौदी ट्रॉफी का लीग क्रिकेट मैच खेला गया। हिसार की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हिसार की टीम 38.5 ओवरों में 153 रनों पर ऑल आउट हो गई।
इस दौरान बल्लेबाजी में दीपेश राज कुमार ने 42 गेंदों में छह चौकों की मदद से 34 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में सम्मी कादयान ने चार विकेट, सौरव ने तीन विकेट और लक्ष्य दलाल ने दो विकेट हासिल किए।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी झज्जर की टीम ने 16.2 ओवरों में एक विकेट पर 157 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली। इस दौरान बल्लेबाजी में लक्ष्य दलाल ने 56 गेंदों में 9 चौकों व 9 छक्कों की मदद से 107 रन बनाए। इसके अलावा सुबोध सहरावत ने 40 गेंदों में चार चौकों व दो छक्कों की मदद से 40 रन बनाए।
वहीं, गेंदबाजी में आदि पूनिया ने एकमात्र विकेट हासिल किया। झज्जर की टीम ने अपने सभी लीग मैचों में जीत दर्ज की है। अब झज्जर की टीम का अगला मैच क्वार्टर फाइनल में होगा।
लक्ष्य व सुबोध ने जोड़े नाबाद 144 रन
झज्जर टीम के दो खिलाड़ियों ने दूसरे विकेट के लिए 91 गेंदों में नाबाद 144 रन की साझेदारी की। इस दौरान लक्ष्य दलाल ने 51 गेंदों में 96 रन बनाए। वहीं, सुबोध ने 40 गेंदों में 40 रन बनाए। इसके साथ ही आठ रन अतिरिक्त रहे।
लक्ष्य दलाल सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज
लीग चरण के मैचों के बाद झज्जर टीम के खिलाड़ी कप्तान लक्ष्य दलाल पटौदी ट्रॉफी में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस दौरान लक्ष्य दलाल ने 399 रन बनाए हैं जिसमें 42 चौके व 24 छक्के शामिल हैं। इसके साथ ही लक्ष्य ने एक अर्धशतक व दो शतक भी लगाए हैं।
सम्मी कादयान सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज
झज्जर टीम के खिलाड़ी सम्मी कादयान लीग चरण के मैचों की समाप्ति के बाद पटौदी ट्रॉफी में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इस दौरान सम्मी कादयान ने कुल 21 विकेट हासिल किए हैं जिसमें सम्मी ने दो बार पांच विकेट व एक बार चार विकेट मैच में प्राप्त किए हैं। वहीं, सम्मी कादयान ने 11 ओवर मेडन फेंके हैं और 233 गेंदें डॉट डाली हैं।