देशवाल फूड प्वांइट रेस्टोरेंट पर कार्य करने वाले एक कर्मचारी ने बुुधवार रात को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली जिसका पता उस समय लगा जब मृतक के भतीजे ने सुबह रैस्टोरेंट का शटर खोला। मृतक का भतीजा भी इसी रेस्टोरेंट में काम करता है। पुलिस ने सूचना मिलने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया व इसके बाद परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव छारा निवासी जगत सिंह झज्जर के छिक्कारा चौक स्थित देशवाल फूड प्वाइंट पर नौकरी करता था। इसके साथ-साथ वह शेयर मार्केट का काम भी करता था जिसमेें घाटा आने के कारण वह पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहा था। इसी परेशानी में उसने बुधवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के भतीजे ने बताया कि वीरवार को जब सुबह वह उठा तो उसने देखा कि उसके चाचा ने फंदा लगा रखा है। इसकी सूचना उसने रेस्टोरेंट मालिक व पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया जिसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव सामान्य अस्पताल में ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सिटी चौकी इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि शेयर मार्केट में नुकसान के चलते मृतक परेशानी में था, इसी के चलते उसने यह कदम उठाया है।