सरपंचों ने किया सीएम के कार्यक्रम का बहिष्कार
- फोटो : संवाद
कुरुक्षेत्र में हुए सरपंच सम्मेलन में झज्जर जिले के सात ब्लॉकों के सरपंचों ने सम्मेलन का बहिष्कार किया। सभी ब्लॉकों के प्रधान व सरपंच जिला प्रधान सोनू ढाकला के नेतृत्व में गांव बिसाहन के सरपंच इंद्रजीत सुहाग के निवास स्थान पर एकत्रित हुए और सभी वक्ताओं ने अपने-अपने विचार रखे।
बेरी ब्लॉक सरपंच एसोसिएशन के प्रधान राज नारायण डबास ने बताया कि सोमवार को झज्जर जाट धर्मशाला में सभी ब्लॉकों के प्रधान व सरपंचों की बैठक हुई थी और बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया था कि कुरुक्षेत्र में होने वाले सरपंच सम्मेलन में कोई नहीं जाएगा। इसी फैसले को लेकर सभी ब्लॉक प्रधान व सरपंच गांव बिसाहन में एकत्रित हुए।
एसोसिएशन के प्रधान राज नारायण डबास का कहना है कि कुरुक्षेत्र में हुए सरपंच सम्मेलन में सरपंचों को लेकर घोषणा की गई। उससे जिले के सरपंच संतुष्ट नहीं है। सरकार को पंचायती राज एक्ट 73वें संशोधन की 11वीं सूची के सारे अधिकार पूर्ण रूप से लागू करने चाहिए।
जब तक सरकार अधिकारों को पूर्ण रूप से लागू नहीं करती, तब तक जिले के सभी प्रधान व सरपंच सरकार की ओर से किए जाने वाले कार्यक्रमों का बहिष्कार करेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार को लोकसभा में मिले परिणाम के बाद अब विधानसभा में भी खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इस मौके पर जिला प्रधान सोनू ढाकला, उप प्रधान बलवान हसनपुर, शक्तिराज, राजकुमार, बादली ब्लॉक प्रधान संदीप, बहादुरगढ़ ब्लॉक प्रधान मोनू मौजूद रहे।