विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस के जवानों ने लगातार दूसरे दिन दंगा विरोधी के साथ अभ्यास किया गया। एसपी डॉ. अर्पित जैन की मुख्य मौजूदगी में विशेष रूप से चलाए गए अभ्यास कार्यक्रम के तहत झज्जर पुलिस में तैनात जवानों को विषम परिस्थितियों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आधुनिक दंगा विरोधी साजोसामान व उपकरणों के साथ अभ्यास कराया गया।
कानून व्यवस्था के मद्देनजर लोगों की सुरक्षा के लिए झज्जर पुलिस ने पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल किया। पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने स्वयं अश्रु गैस के गोले दाग कर, वज्र वाहन व ड्रोन की कार्य कुशलता का परीक्षण किया। झज्जर पुलिस के जवानों ने मॉक ड्रिल में जाना कि असामान्य परिस्थितियों में किन समस्याओं का सामना हो सकता है।
मॉक ड्रिल के दौरान मौजूद पुलिस जवानों को एसपी ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने पर भीड़ को नियंत्रित करने और न्यूनतम नुकसान के साथ नियमानुसार कार्रवाई के लिए कहा। वज्र वाहन से अश्रु गैस के गोलों की लॉन्ग व शॉर्ट रेंज फायरिंग का प्रयोग करने का अभ्यास कराया गया ताकि विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने पर अविलंब नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।