किसानों को मंडी में गेहूं बिक्री के दौरान किसी तरह की कोई परेशानी न आए इसको लेकर मार्केटिंग बोर्ड की फ्लाइंग टीम ने बृहस्पतिवार को बहादुरगढ़ में दस्तक दी। तीन सदस्यीय टीम ने अनाज मंडी, आसोदा मंडी, छारा मंडी सहित कई अन्य जगहों का दौरा किया। समस्याओं के समाधान के लिए उचित व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
मार्केटिंग बोर्ड से सेक्शन इंजीनियर चेतन प्रकाश, डीएमइओ महावीर सिंह व सौरभ चौधरी की फ्लाइंग टीम ने अचानक बहादुरगढ़ मंडी का दौरा किया। उन्होंने मार्केट कमेटी सचिव धर्मराज दांगी सहित अन्य कर्मचारियों को कहा कि वे अपने स्तर पर किसी भी तरह से कोई कमी किसानों को न खलने दें।
बिजली, पानी, सफाई व सड़कों की उचित व्यवस्था बनाए रखें। फ्लाइंग टीम ने कहा कि मंडी में अधिकारी किसानों से रूबरू होते रहें और किसानों को होने वाली दिक्कतों के का निपटारा करें। ड्यूटी के प्रति कर्मचारी व अधिकारी सजग रहेें। फ्लाइंग टीम ने कुछ किसानों से भी बात की। उन्होंने कहा कि वे अपनी फसलों की कटाई में जल्दी न करें। सुखाकर ही फसलों को लाएं ताकि उनमें नमी की मात्रा निर्धारित मात्रा से अधिक न रहे। क्योंकि खरीद एजेंसियां नमी अधिक होने पर उनकी फसलें खरीदेंगी नहीं। इससे किसानों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।