एनआईटी श्रीनगर में गैर कश्मीरी विद्यार्थियों पर किया गया लाठीचार्ज काफी निंदनीय है। केन्द्र सरकार को इस घटना को गंभीरता से लेना चाहिए। शनिवार को यह बात सांसद दुष्यंत चौटाला ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि हमारे ही देश में ही अगर किसी दूसरे देश का झंडा फहराया जाए तो यह पूरे देश के लिए शर्मनाक है।
सांसद ने कहा कि आज बीजेपी केएमपी का श्रेय लेने का दावा कर रही है। जबकि हकीकत यह है कि केएमपी पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की देन है। पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के कार्यकाल में ही केएमपी की योजना को आरंभ किया गया था। उन्होंने कहा कि आज केएमपी को लेकर बीजेपी वाहवाही लूटना चाहती है। सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एसवाईएल पर दोगली नीति अपना रहे हैं। केजरीवाल जब पंजाब के दौरे पर होते हैं तो एसवाईएल का पानी हरियाणा को न देने की बात कहते हैं और दिल्ली में केजरीवाल हरियाणा के पक्ष में शपथ-पत्र देते हैं। इससे पता चलता है कि केजरीवाल का एसवाईएल से कोई लेना देना नही है, बल्कि वो इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं।
कांग्रेस को भी लिया आड़े हाथ
युवा सांसद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सद्भावना यात्रा कांग्रेस के ही एक गुट द्वारा निकाली जा रही है और दूसरा गुट यात्रा से दूरी बनाए हुए है। सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि लैंड डील मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा पर भाजपा सरकार कोई भी कार्रवाई करने में असमर्थ दिखाई दे रही है।
पिछले डेढ़ साल में भाजपा सरकार ने कार्रवाई करने के बजाए सिर्फ जांच आयोग बनाने का ही काम किया है। उन्होंने कहा कि कांगेस सरकार के कार्यकाल में किसानों की एक्वायर की गई जमीन की रायल्टी देने की बात कांग्रेस ने की थी। लेकिन एक्वायर जमीन की रायल्टी न तो कांग्रेस ने दी और न ही अब भाजपा सरकार दे रही है। इस मुद्दे को विधान सभा में उठाया जाएगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कर्मबीर राठी, डॉ. जगदीश कादयान, संजय कबलाना, इनेलो जिला प्रवक्ता मनीष बंसल, साधुराम झामरी, नरदेव दहिया, प्रदीप देशवाल, भूपसिंह कादयान, वपवन धनखड़, धर्मेंद्र बामडौला, दयानंद चांदपुर, सतपाल धौड़, बलराज खरहर, राकेश जाखड़, उपेन्द्र कादयान, बबीता कादयान सहित अन्य भी मौजूद रहे।