मांगों को लेकर राजकीय विद्यालयों में कार्यरत लैब सहायकों की रविवार को शहर के श्रीराम पार्क में बैठक हुई। लैब सहायक एसोसिएशन जिला प्रधान मनोज शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक का संचालन सचिव रमन कटारिया ने किया। जिला प्रधान ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि लैब सहायकों की वर्तमान सरकार की ओर से 24 अप्रैल 2015 को सेवाएं समाप्त कर दी थी।
प्रदेश भर के लैब सहायकों ने एकजुट होकर अपने रोजगार को बचाने के लिए प्रदर्शन किया और सरकार को मजबूरन 9 सिंतबर 2015 को लैब सहायकों का रोजगार बहाल करना पड़ा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से काम करने के बावजूद 590 लैब सहायकों का मानदेय जारी नहीं किया है। आने वाली 31 मार्च को राजकीय विद्यालयों में कार्यरत लैब सहायकों का अनुबंध समाप्त हो रहा है। लैब सहायकों का रुका हुआ पांच माह का मानदेय जारी करने की कोई जहमत किसी अधिकारी ने नहीं उठाई है। जिसके चलते एसोसिएशन में शिक्षा विभाग व सरकार के प्रति रोष है।
दोबारा रोजगार बहाली एवं रुके हुए मानदेय की अदायगी के लिए प्रदेश भर के लैब सहायक पंचकूला स्थित शिक्षा सदन के समक्ष एकत्रित होंगे और अपनी आवाज बुलंद करेंगे। बैठक को रामपाल शर्मा, सुनिता, कविता, नरविता व हरिश आदि ने भी संबोधित किया।