संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। हरियाणा सरकार की तरफ से आज 25 फरवरी को 2023-24 के लिए जारी किए जाने वाले बजट में झज्जर जिले को अनेक योजनाएं मिलने की उम्मीद है। सड़क प्रोजेक्टों के अलावा शहर की सीवर लाइन व्यवस्था को सुधारने, छूछकवास में बाईपास के निर्माण के अलावा शहर में विभिन्न सड़क मार्गों के निर्माण को मंजूरी मिल सकती है। सीएम मनोहर लाल आने वाले वित्त वर्ष में होने वाले विकास कार्यों के लिए बतौर वित्तमंत्री चौथी बार बजट पेश करेंगे। जिलावासियों को उम्मीद है कि सीएम निराश नहीं करेंगे। झज्जर शहर के लोगों को बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए करोड़ों रुपये का बजट मिलने की संभावना है। बजट में शहर के चरखी दादरी बाईपास चौक से लेकर बेरी गेट, माता गेट होते हुए दिल्ली गेट तक जाने वाली सड़क के लिए करीब 8 करोड रुपये बजट का प्रावधान करने की संभावना है।
इसके अलावा शहर में विभिन्न सड़कों के सुधार के लिए करीब 20 करोड़ रुपये जारी किए जाने की संभावना है। इसके अलावा झज्जर से छूछकवास जाने वाली करीब 14 किलोमीटर की सड़क की कारपेटिंग के लिए करीब 2 करोड़ रुपये की मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा छूछकवास के बाईपास के निर्माण के लिए बजट जारी किया जा सकता है क्योंकि इस मार्ग के निर्माण के लिए जमीन खरीद की प्रक्रिया लगभग पूरी की जा चुकी है और अब इसका निर्माण किया जाना है।यह मामला करीब 15 साल से अटका हुआ है। शहर की सीवर व्यवस्था को सुधारने के लिए भी सरकार की तरफ से बजट में प्रावधान किए जाने की उम्मीद है। वर्ष 2012 में शहर की सीवर लाइन के लिए तत्कालीन सरकार की तरफ से 29 करोड़ रुपये की मल बढ़ोतरी योजना को मंजूरी दी गई थी।