पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा, परिजनों ने कई तरह की शंका जाहिर
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। दिल्ली-रोहतक रेल मार्ग पर सांखोल गांव के पास पीएचडी की छात्रा का शव मिला है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने घटना को हादसा मानते हुए कार्रवाई की है। हालांकि परिजनों ने रेलवे ट्रैक पर शव मिलने को लेकर कई तरह की शंका जाहिर की है। जीआरपी थाना पुलिस भी कई एंगलों पर जांच कर रही है। ट्रैक के नजदीक स्थित फैक्ट्रियों से सीसीटीवी फुटेज भी ली जा रही है।
जीआरपी थाना पुलिस को सूचना मिली कि बहादुरगढ़ से दो-तीन किलोमीटर दूर सांखोल गांव के नजदीक रेलवे ट्रैक पर युवती का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवती की पहचान सविता (24) के रूप में हुई। सविता चरखी दादरी के काकड़ोली सरदारा गांव की रहने वाली है। परिजनों को सूचित किया तो वे यहां पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने सविता की मौत पर कई तरह की शंका जाहिर की है। सविता रोहतक की महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में पीएचडी की पढ़ाई कर रही थी। वह बहादुरगढ़ क्यों और कैसे पहुंची, इसको लेकर सवाल खड़े हुए हैं। वह रोहतक में ही रहती थी। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर जोगेंद्र सिंह ने बताया कि युवती का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा होने की सूचना मिली थी। फिलहाल पुलिस ने घटना को हादसा मानकर 174 के तहत केस दर्ज किया है। जांच में क्या, कुछ सामने आएगा, इसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।