अलसुबह से ही कतार में खड़े सेना भर्ती में पहुंचे एक तिहाई युवाओं के मायूसी हाथ लगी। दुजाना के राजकीय महाविद्यालय में चल रही खुली सेना भर्ती के दूसरे दिन कलानौर और रोहतक के युवाओं को मौका मिला। कलानौर व रोहतक के 5137 युवाओं का पंजीकरण हुआ था और जिसमें से 4600 युवा ग्राउंड में पहुंचे। लेकिन जब टेस्ट पास करने की बात आई तो 3700 में से 1275 युवा ही फिजिकल पास कर पाए। 900 युवा तो ऐसे थे, जिनकी लंबाई कम और दस्तावेज पूरे न होने के कारण दौड़ से बाहर हो गए। यही हालात भर्ती के पहले दिन महम व सांपला के रहे थे, 2808 युवाओं ने दौड़ लगाई थी, जिसमें से 1036 ही फिजिकल टेस्ट पास करने में कामयाब रहे। भर्ती के तीसरे दिन आज झज्जर और बहादुरगढ़ के युवाओं की बारी है।
झज्जर व बहादुरगढ़ के 5118 युवाओं ने कराया पंजीकरण
सेना भर्ती रोहतक कार्यालय से कर्नल केएस भाटी ने बताया कि गांव दुजाना में सेना की खुली भर्ती में रविवार को महम व सांपला रोहतक व कलानौर के बाद आज झज्जर व बहादुरगढ़ के युवाओं की बारी है। उन्होंने बताया कि इसके लिए 5118 युवाओं ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया हुआ है।
भाटी ने कहा, दस्तावेज लेकर आएं युवा
भर्ती निदेशक कर्नल केएस भाटी ने बताया कि जो भी युवा भर्ती में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें अपने साथ 10वीं 12वीं कक्षा की मार्क शीट, रिहायशी व जाति प्रमाण पत्र साथ लेकर आना जरूरी है। अगर कोई इनमें से कोई दस्तावेज नहीं लाया गया तो वह भर्ती प्रक्रिया के लिए अयोग्य घोषित होगा। अगर जैैसे कोई परिवार में कोई एक्स सर्विस मेन है, एनसीसी में है, स्पोर्ट्स से है तो उनके अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र लाना जरूरी है।
पहले दिन चयनित युवाओं का हुआ मेडिकल
सेना भर्ती रोहतक कार्यालय से कर्नल केएस भाटी ने बताया कि हरियाणा व हिमाचल से डॉक्टरों की टीम आई हुई जो भर्ती में युवाओं का मेडिकल कर रही है और युवाओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी।