हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की रि-अपीयर परीक्षाएं शनिवार को शुरू हो गईं। पहले दिन परीक्षा केंद्रों के बाहर अव्यवस्थाओं का काफी बोलबाला रहा। युवक परीक्षा केंद्रों की छतों, दीवारों पर चढ़े रहे, उन्हें कोई रोकने-टोकने वाला नहीं था।
शहर में रेलवे रोड स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (ब्वॉयज) और पुराना शहर स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा केंद्र बने हैं। शनिवार को 10वीं की हिंदी विषय की परीक्षा थी। बीते सत्र में किसी कारण फेल हो चुके काफी छात्रों ने परीक्षा दी। परीक्षा दोपहर ढाई बजे शुरू हुई। दोनों ही केंद्रों के बाहर अव्यवस्थाएं पूरी तरह से हावी थीं। पुराना शहर स्थित लड़कियों के स्कूल के बाहर तो हालात बेहद बिगड़े हुए थे। अपने परिचितों की मदद के लिए काफी युवक स्कूल की दीवारों और खिड़कियों पर नकल डालने के लिए चढ़े हुए थे। इन्हें कोई रोकने-टोकने वाला नहीं था। वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (ब्वॉयज) के प्राचार्य धर्मबीर शर्मा ने कहा कि उनके स्कूल में परीक्षा सुचारु ढंग से चली। किसी तरह का कोई व्यवधान नहीं आने दिया गया।