पटवारी एवं कानूनगो की हड़ताल जारी है। मंगलवार को भी पटवारी एवं कानूनगो मांगों को लेकर झज्जर लघु सचिवालय पर धरने पर बैठे रहे। इसके चलते लोगों के रजिस्ट्री, प्रमाण पत्र सत्यापन के काम नहीं हो पा रहे हैं। सोमवार को जिले भर में कुल 88 रजिस्ट्री हुई जबकि आम दिनों में पूरे जिले में 250 से 300 रजिस्ट्री होती है।
प्रतिदिन चार से पांच करोड़ रुपये का राजस्व मिलता है, लेकिन अब तक 60 लाख रुपये का राजस्व पूरे जिले से आ रहा है। 88 में से 4 रजिस्ट्ररी डीआरओ ने की। इसके अलावा फर्द, रिहायशी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र के सत्यापन न होने के कारण वह भी नहीं निकल पा रहे हैं।
वहीं राजस्व पटवारी एवं कानूनगो एसोसिएशन का वेतन विसंगति को लेकर धरना जिला प्रधान मनीष यादव की अध्यक्षता में लघु सचिवालय पर जारी रहा। धरना स्थल को दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के पूर्व प्रांतीय प्रधान देवेन्द्र यादव, जिला प्रधान मनीष यादव, अध्यापक संघ नेता राजबीर दहिया, रमेश जाखड़, नरेश शर्मा, सर्व कर्मचारी संघ से मनजीत की और से अपने संबोधन में सरकार के प्रति वेतन विसंगति को लेकर गहरा रोष प्रकट किया गया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार समय रहते वेतन विसंगति का समाधान नहीं करेगी तो इसका नतीजा आगामी समय में भयानक रूप ले सकता है। इस अवसर पर सदर कानूनगो सुभाष, चंद्रपाल कानूनगो, सचिव डॉ. प्रवीण कुमार, प्रेस सचिव विजय पूनिया, कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा, योगेश कुमार पटवारी, इशमत पटवारी, सुकर्म पाल पटवारी, हूक्म पटवारी, राजबीर गुलिया, बबीता पटवारी, रेणु पटवारी, पूनम पटवारी, मनीषा पटवारी, मनोज पटवारी मौजूद रहे।