झज्जर। झज्जर और सोनीपत के बीच खेले गए पटौदी ट्रॉफी के मैच में झज्जर की टीम ने छह विकेट से जीत दर्ज की है। झज्जर के पुराना बर्फखाना रोड निवासी यशवर्धन दलाल, बहादुरगढ़ के बैंक काॅलोनी निवासी टीम के कप्तान व विकेट कीपर रोहित शर्मा के अर्धशतक और बहादुरगढ़ के किला मोहल्ला निवासी हिमांशु के चार विकेटों की बदौलत झज्जर की टीम ने मैच जीता।
रोहतक के चौधरी बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम लाहली के ग्राउंड-बी में झज्जर और सोनीपत के बीच पटौदी ट्रॉफी का क्रिकेट मैच खेला गया। झज्जर की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सोनीपत की टीम 48.4 ओवरों में 211 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस दौरान सोनीपत की तरफ से बल्लेबाजी में श्रेयांश यादव व आशीष दूहन ने 43-43 रन बनाए।
वहीं झज्जर की तरफ से गेंदबाजी में हिमांशु ने चार विकेट और यशवर्धन दलाल व लक्ष्य दलाल ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए झज्जर की टीम ने 32.5 ओवरों में चार विकेट पर 217 रन बनाकर जीत दर्ज की। इस दौरान झज्जर की तरफ से बल्लेबाजी में यशवर्धन दलाल ने 60 गेंदों में छह चौकों व छह छक्कों की मदद से 77 रन और कप्तान व विकेट कीपर बल्लेबाज रोहित शर्मा ने 75 गेंदों में आठ चौकों व दो छक्कों की मदद से 72 रन बनाए।
सोनीपत की तरफ से गेंदबाजी में सचिन भारद्वाज ने दो विकेट हासिल किए। झज्जर की टीम ने जोन-बी में अपने सभी मैच खेल लिए हैं। झज्जर की टीम ने पांच मैचों में से चार मैचों में जीत व एक मैच में हार का सामना करना पड़ा।