बहादुरगढ़। झज्जर-बहादुरगढ़ मार्ग का जीर्णोद्धार जल्द होगा। सीएम नायब सैनी की ओर से सड़क के सुधारीकरण के लिए 20 करोड़ की मंजूरी दे दी है। निर्धारित समययावधि में टेंडर प्रक्रिया पूरी करवाकर चुनाव से पहले सड़क को ठीक करने का काम शुरू किया जाएगा।
बहादुरगढ़ के पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने कहा कि वे दो दिन पहले सड़क के सुधारीकरण को लेकर सीएम नायब सैनी से मिले थे। उन्होंने इस समस्या को जल्द दूर करने के लिए कहा। पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने बताया कि वे दिल्ली स्थित हरियाणा निवास पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिले थे। उन्होंने बहादुरगढ़-झज्जर रोड समेत कई अन्य मार्गों के सुधारीकरण करवाने की मांग प्रमुखता से की थी। इस पर मुख्यमंत्री ने सोमवार को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री की ओर से दी गई संस्तुति के बाद अब निर्धारित समयावधि में टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी और उसके बाद जल्द सड़क के सुधारीकरण का कार्य शुरू हो जाएगा।
कौशिक ने बताया कि इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा करवाने के संबंध में वे चंडीगढ़ गए हैं और बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में लोगों को अधिक से अधिक सुविधाएं मिले, यहां विकास कार्यों को और गति मिले, जो लंबित कार्य हैं उन्हें जल्द पूरा करवाया जाए, इसको लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री व अधिकारियों से बात की है। कौशिक ने मौजूदा कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह जून की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि उन्हें आमजन की समस्याओं के समाधान से कोई लेना देना नहीं। बहादुरगढ़ हलके के विकास को लेकर विधानसभा में कोई भी आवाज नहीं उठाई है। लोगों ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी हुई है उसको वे पूरा नहीं कर पा रहे। काफी समय से बहादुरगढ़ क्षेत्र में कई सड़कें बदहाल हैं और लोगों को कई तरह की परेशानियां भी आ रही हैं मगर उनके समाधान करवाना तो दूर उनके बारे में कोई आवाज तक नहीं उठाई।