शहर के जहांआरा बाग स्टेडियम के सामने स्थित 33 केवी पावर हाउस से निकलने वाली बिजली की लाइन पर बारिश के दौरान पेड़ गिरने की वजह से लाइन के तार टूट गए। सड़क पर बारिश का पानी भरने के कारण लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो पाया। बारिश रुकने के बाद बिजली की लाइन से पेड़ को हटाकर तारों को जोड़ा गया। उसके बाद बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकती।
तार टूटने के कारण शहर के सुभाष नगर, मॉडल टाउन, ग्वालीसन रोड, सामान्य अस्पताल के आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति करीब पांच घंटे बाद बहाल की गई। कई घंटे तक बिजली नहीं आई तो लोगों ने बिजली निगम के शिकायत केंद्र पर शिकायतें दर्ज करवानी शुरू की। इसके बाद उपभोक्ताओं को शिकायत केंद्र से जानकारी दी गई कि पेड़ टूटने की वजह से लाइन बंद पड़ी है और बारिश रुकने के बाद ही लाइन को ठीक किया जाएगा।
बाईपास के पास बिजली की लाइन पर बारिश के दौरान पेड़ गिर गया था, जिसकी वजह से बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। बारिश रुकने के बाद पेड़ को लाइन से हटाकर तारों को जोड़कर बिजली आपूर्ति बहाल कर की गई।
- अनिल कुमार, जेई, बिजली निगम शहर, झज्जर।