आंदोलनकारी किसानों के टीकरी बॉर्डर पर पड़ाव में सिरसा जिले के एक किसान की हृदयाघात से मौत हो गई। वह अपने घर से करीब एक सप्ताह पहले यहां आए थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
सिरसा जिले के गांव गंगा निवासी करीब 67 वर्षीय गोपाल अपने साथी किसानों के साथ बहादुरगढ़ में रोहतक-दिल्ली बाईपास पर ठहरे हुए थे। उनका टेंट पीडीएम फ्लाईओवर पर बिजली के पोल नंबर 220-221 के पास है। पुलिस थाना सेक्टर-6 से मामले के जांच अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि वीरवार की रात को किसान गोपाल सो गया था और शुक्रवार सुबह समय से उठ गया। दैनिक क्रिया से निवृत्त होने के बाद चाय पीकर गोपाल अपने साथियों के साथ बैठकर गपशप करने लग गया। इस बीच उसे पेट में परेशानी महसूस हुई तो नींबू-पानी पीकर वह आराम करने के लिए लेट गया। लगभग साढ़े नौ बजे उनकी तबीयत खराब हो गई। साथी किसान उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सेक्टर-6 से पुलिस मौके पर पहुंची। सिरसा से मृतक किसान के पुत्र विनोद भी आ गए। अनुमान लगाया गया है गोपाल की मौत हार्ट अटैक से हुई है।