बादली। रविवार को बादली में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान रोमांचक मुकाबले देखने को मिले जिसमें भिवानी, लोवा खुर्द, हनुमान क्लब बादली, रोहतक, दिल्ली हॉप्स, एफसी झज्जर की टीम ने जीत हासिल की। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले सोमवार को खेले जाएंगे।
रविवार को हुए मैच में भिवानी ने गाजियाबाद को हराकर जीत हासिल की। भिवानी ने मैच में 3 गोल किए, जबकि गाजियाबाद ने एक गोल किया। हनुमान क्लब बादली और डाबोदा के बीच हुए मुकाबले पर सभी नजरें रही।
दोनों टीमें क्षेत्रीय होने के चलते दर्शकों की संख्या भी ज्यादा रही, जिसमें बादली ने एक गोल शुरुआत में कर बढ़त बना ली, और दो गोल कर मैच जीत लिया। डाबोदा के खिलाड़ी मात्र एक गोल कर सके। एक अन्य मुकाबला रोहतक और खेड़ला के बीच हुआ, जिसमें रोहतक ने दो गोल और खेड़ला ने एक गोल किया।
दिल्ली हॉप्स ने तक्षशिला यूपी को एक गोल दागकर हराया। एफसी झज्जर और भिवानी के बीच निर्धारित समय में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी, जिसके बाद फैसला पेनाल्टी शूटआउट में हुआ। पेनाल्टी शूटआउट में झज्जर की टीम विजयी रही। वहीं लोवा खुर्द और सोहना के बीच मैच का भी पेनाल्टी शूटआउट से फैसला हुआ, जिसमें लोवा खुर्द की टीम ने जीत दर्ज की।
देर शाम तक प्रतियोगिता के लीग मैच करवाए गए। मैच के दौरान गुलिया खाप प्रधान विनोद गुलिया, अरविंद गुलिया, केडी शर्मा, डीपी कौशिक, मनदीप महेंद्रगढ़, रमेश गुलिया, स्पोर्ट्स सोसाइटी के प्रधान विक्की, रामभगत, अशोक शोकी, संदीप बादली, महेन्द्र सिंह सहित काफी संख्या में ग्रामीण और फुटबाॅल प्रेमी मौजूद रहे। विजेता टीम को एक लाख रुपये और उपविजेता को 71 हजार रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा।